फर्रुखाबाद पुलिस लाइन में कानून व्यवस्था पर मंथन, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने की समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मार्च 2026 जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन फतेहगढ़ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र राठौर, कायमगंज विधायिका डॉ. सुरभि एवं भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद राजपूत उपस्थित रहे।

इस दौरान हरीश चंदर (डीआईजी), पुलिस अधीक्षक आरती सिंह एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के साथ जनपद की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अधिकारियों ने भी इन सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सभी ने एक स्वर में कहा कि जनता की सुरक्षा, शांति एवं सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी संकल्प के साथ प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। बैठक का उद्देश्य जनहित में बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।