फर्रुखाबाद में दो अनुभवी शिक्षकों का सेवानिवृत्ति पर सम्मान, शिक्षा क्षेत्र में दिया अमूल्य योगदान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मार्च 2026 जनपद के शिक्षा जगत के लिए आज का दिन भावुक और गौरवपूर्ण रहा, जब दो वरिष्ठ एवं समर्पित शिक्षकों ने अपनी लंबी सेवा के बाद सेवानिवृत्ति प्राप्त की। वर्षों तक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने वाले इन शिक्षकों के योगदान को सहकर्मियों एवं ग्रामीणों ने सराहा।

प्राथमिक विद्यालय नगला चरन, नवाबगंज में तैनात रहे हेड टीचर बांकेलाल शाक्य वर्ष 1999 में नियुक्त हुए थे। ग्राम जिराऊ, पोस्ट पैथान, ब्लॉक नवाबगंज के निवासी बांकेलाल शाक्य ने अपने कार्यकाल में शिक्षा के स्तर को ऊंचाइयों तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया। उनके अनुशासन, सरल स्वभाव और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय झाऊआ, शमसाबाद में कार्यरत हेड टीचर उमाशंकर शाक्य भी वर्ष 1999 में सेवा में आए थे। टिलियां अहमदगंज, फर्रुखाबाद के निवासी उमाशंकर शाक्य ने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे अपने कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार व्यवहार के लिए जाने जाते रहे।

दोनों शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

शिक्षा के क्षेत्र में इन दोनों शिक्षकों का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श के रूप में याद किया जाएगा।