फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मार्च 2026 जनपद में महिला अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमालगंज थाना क्षेत्र में मासूम नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कमालगंज थाना क्षेत्र में अशोक राजपूत नामक आरोपी ने एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और खुद जिला अस्पताल लोहिया पहुंचकर पीड़िता के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। साथ ही उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
एसपी के निर्देश पर एसओजी टीम और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी अशोक राजपूत के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही लोकेंद्र सिंह भी घायल हुआ है। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया, जहां से आरोपी को जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
एसपी आरती सिंह के नेतृत्व में जनपद में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस घटना में भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
