फर्रुखाबाद: प्रेम संबंध के विवाद में युवक की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, फावड़ा बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मार्च 2026 जनपद की कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल फावड़ा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 76/2026 धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित मामले में आरोपी नितुल पुत्र स्व. लालाराम निवासी ग्राम गैसिंगपुर थाना मोहम्मदाबाद को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की घटना कबूल कर ली।

घटना का विवरण:

घटना 23/24 मार्च 2026 की रात की है, जब ग्राम गैसिंगपुर निवासी लाखन (उम्र लगभग 32 वर्ष) अपने घर के बाहर तालाब किनारे चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उस पर फावड़े से गर्दन और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। मृतक के पिता रामनिवास कश्यप की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह:

पुलिस पूछताछ में आरोपी नितुल ने बताया कि उसका गांव की एक विधवा महिला से प्रेम संबंध था, लेकिन विवाद के बाद महिला ने मृतक लाखन से बात करना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले विवाद हुआ था और लाखन द्वारा दी गई धमकी के बाद आरोपी ने हत्या की योजना बना ली। घटना की रात उसने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया और फावड़ा तालाब में फेंककर फरार हो गया।

बरामदगी और कार्रवाई:

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम का योगदान:

गिरफ्तारी में निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक आशू कुमार, कांस्टेबल ललित कुमार, मस्तराम और मनीष सहित सर्विलांस टीम के प्रभारी संत कुमार व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।