फर्रुखाबाद: मथुरा घटना पर उबाल: फरसा वाले बाबा की मौत के विरोध में मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, कड़ी कार्रवाई की मांग।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मार्च 2026 जनपद में गुरुवार को मथुरा में गौ-सेवक ‘फरसा वाले बाबा’ की ट्रक से कुचलकर हुई कथित हत्या के विरोध में आक्रोश देखने को मिला। विश्व हिन्दू महासंघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन एएसडीएम को सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मांग की कि मथुरा की घटना की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ज्ञापन में यह भी प्रमुख रूप से उठाया गया कि गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित किया जाए और प्रदेशभर में सक्रिय गौ-रक्षकों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधान लागू किए जाएं। साथ ही गौ-रक्षा कार्य में लगे कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें वापस लेने तथा उन्हें आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

पदाधिकारियों ने कहा कि गौ-सेवा में लगे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में ठोस कदम उठाना समय की मांग है।

इस दौरान जिला संरक्षक लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़, जिला महामंत्री विभोर सोमवंशी, सह-कोषाध्यक्ष सनी चौहान, युवा जिला अध्यक्ष रावेंद्र सिंह वैस, नगर अध्यक्ष सुधीर कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।