लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने मनाई सम्राट अशोक जयंती, अखिलेश यादव ने किया बड़ा ऐलान

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मार्च 2026 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में आज लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में महान सम्राट अशोक की जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सम्राट अशोक के आदर्शों, उनके शासन की नीतियों और मानवता के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन हमें शांति, समानता और जनकल्याण का मार्ग दिखाता है, जो आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है।

इस दौरान अखिलेश यादव ने एक बड़ा राजनीतिक और सांस्कृतिक ऐलान करते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो लखनऊ के गोमती फ्रंट पर सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रतिमा में सम्राट अशोक को सोने के सिंहासन पर विराजमान किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके गौरवशाली इतिहास और आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।

कार्यक्रम में विशेष रूप से डॉ. नवल किशोर शाक्य अंतर्राष्ट्रीय कैंसर सर्जन एवं पूर्व प्रत्याशी लोकसभा फर्रुखाबाद, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री विनीत कुशवाहा, जिला अध्यक्ष कुनाल मौर्य, अभिषेक कुशवाहा (गाजीपुर), शुभम यादव (बाराबंकी) एवं वैभव सैनी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सम्राट अशोक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने सम्राट अशोक के धम्म, अहिंसा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाजवादी विचारधारा के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

अंत में आयोजकों ने पूरे प्रदेश से आए सभी वैचारिक साथियों और समाजवादी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ऐतिहासिक महापुरुषों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।