फर्रुखाबाद: अधिवक्ता से अभद्रता का आरोप: अमृतपुर थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मार्च 2026 तहसील अमृतपुर न्यायालय परिसर में कार्यरत एक अधिवक्ता ने थाना अमृतपुर की थानाध्यक्ष रक्षा सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। अधिवक्ता का आरोप है कि थानाध्यक्ष ने उन्हें थाने बुलाकर न केवल अपमानित किया बल्कि उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला व्यवहार भी किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 20 मार्च 2026 की है जब थानाध्यक्ष रक्षा सिंह ने अपने सीयूजी नंबर से अधिवक्ता को फोन कर थाने बुलाया। उस समय अधिवक्ता तहसील परिसर में अपने चैम्बर पर मौजूद थे। सूचना मिलने पर वे अधिवक्ता की ड्रेस में ही थाना अमृतपुर पहुंचे।

अधिवक्ता का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने थानाध्यक्ष से बुलाने का कारण पूछा, तो थानाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए उनसे कोट-पैंट उतारने को कहा। अधिवक्ता के अनुसार, उन्होंने अपने खिलाफ शिकायत के बारे में पूछताछ की, जिस पर बताया गया कि एक महिला द्वारा उनके खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया गया है।

आरोप है कि बिना अधिवक्ता का पक्ष सुने ही थानाध्यक्ष ने दबाव बनाकर जबरन उनके कपड़े उतरवा दिए और उन्हें करीब 15-20 मिनट तक कार्यालय गेट पर खड़ा रखा। इस दौरान अधिवक्ता को मानसिक और सामाजिक रूप से अपमानित महसूस हुआ।

घटना के दौरान मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति वासुदेव द्वारा हस्तक्षेप करने के बाद हल्का इंचार्ज के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। हालांकि, अधिवक्ता का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से उनकी प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है और यह कृत्य लोकसेवक के पद का दुरुपयोग है।

पीड़ित अधिवक्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

इस मामले में अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।