फर्रुखाबाद: व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु पुलिस-प्रशासन सक्रिय, एएसपी ने की व्यापारी प्रकोष्ठ की बैठक

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने की।

बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारी बंधुओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। व्यापारियों ने सुरक्षा, चोरी की घटनाओं, बाजारों में यातायात व्यवस्था और अन्य स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी समाज जनपद की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता है।

बैठक में यह भी आश्वासन दिया गया कि बाजारों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, व्यापारियों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इस बैठक से व्यापारियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय को और बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।