फर्रुखाबाद: महिला प्रधान से रिश्वत लेने के आरोप में दरोगा पर मुकदमा दर्ज, विभाग में मचा हड़कंप

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 जनपद में भ्रष्टाचार के एक गंभीर मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर कोतवाली मोहम्मदाबाद में तैनात दरोगा सुरेश चाहर के विरुद्ध कोतवाली फतेहगढ़ में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत निसाई की प्रधान गीता देवी द्वारा की गई शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके आधार पर आरोपी दरोगा के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रधान गीता देवी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर जब वह थाना मोहम्मदाबाद पहुंचीं, तो जांच और कार्रवाई के नाम पर दरोगा द्वारा उनसे रिश्वत की मांग की गई। आरोप है कि दरोगा ने अपने पुत्र पंकज चाहर के बैंक खाते में और नकद मिलाकर कुल 75 हजार रुपये लिए। साथ ही कुछ धनराशि यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में भी ली गई।

शिकायत के समर्थन में प्रधान ने यूपीआई लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं, जिससे मामले को और गंभीरता मिली है। इस खुलासे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और आरोपी दरोगा के निलंबन की संभावना जताई जा रही है।

प्रधान के पति सत्येंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने देर रात अपने कार्यालय में प्रधान के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही प्रधान ने उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा विभागीय जांच भी की जा रही है।