फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मार्च 2026 जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील अमृतपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनसमस्याओं के निस्तारण हेतु बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 21, पुलिस विभाग की 13, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 7, आपूर्ति विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 10 शिकायतें शामिल रहीं।
समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
