फर्रुखाबाद: खाड़ी देशों में तनाव का असर—जिले में घरेलू गैस के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त, छापेमारी तेज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 मार्च 2026 ईरान-इजरायल एवं अन्य खाड़ी देशों के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का असर अब भारत में घरेलू गैस आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है। इसी को ध्यान में रखते हुए फर्रुखाबाद जिला प्रशासन ने आम जनता के लिए घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

खाद्य एवं रसद विभाग, प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जनपद में लगातार निरीक्षण, भ्रमण और छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान यह सामने आया है कि कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों जैसे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मैरिज हॉल, बैंक्विट हॉल, टी-स्टॉल, डोसा स्टॉल और अन्य छोटे-बड़े व्यावसायिक स्थलों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से उपयोग किया जा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपने यहां घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह गैस आम उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित है और इसका व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग या भंडारण पाया गया, तो संबंधित फर्म स्वामी या व्यापारी के खिलाफ द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन की इस सख्ती से जहां एक ओर कालाबाजारी पर रोक लगेगी, वहीं आम जनता को घरेलू गैस की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।