फर्रुखाबाद:ईद के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया नमाज स्थलों का निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 मार्च 2026 ईद के पावन अवसर पर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र के विभिन्न नमाज स्थलों का संयुक्त रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं यातायात प्रबंधन की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नमाज के दौरान और उसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही साफ-सफाई एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहने और आम जनता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें, जिससे ईद का त्योहार शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके।