फर्रूखाबाद में वर्ष 2026-27 हेतु शराब दुकानों की ई-लाटरी सम्पन्न, 62 आवेदन प्राप्त

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मार्च 2026 जनपद में वर्ष 2026-27 के लिए देशी शराब, कंपोजिट शॉप एवं मॉडल शॉप की दुकानों के आवंटन हेतु ई-लाटरी (प्रथम चरण) की प्रक्रिया आज कलेक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई।

इस दौरान जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता, आबकारी आयुक्त द्वारा नामित अधिकारी देवेन्द्र सिंह रावत, समस्त आबकारी निरीक्षक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ज्योति चौधरी, आवेदकगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देशी शराब की 14 दुकानों के लिए 54 आवेदन, कंपोजिट शॉप की 4 दुकानों के लिए 7 आवेदन तथा मॉडल शॉप की 1 दुकान के लिए 1 आवेदन प्राप्त हुआ। इस प्रकार कुल 62 आवेदन ई-लाटरी प्रक्रिया में शामिल किए गए।

ई-लाटरी की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए सबसे पहले आवेदकों की उपस्थिति में सिमुलेशन कराया गया। इस दौरान आवेदकों से 3 सीड अंक प्राप्त कर उन्हें चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता के बारे में अवगत कराया गया। इसके पश्चात रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें पुनः आवेदकों से 3 सीड अंक लेकर अंतिम रूप से लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

पूरी प्रक्रिया जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के तकनीकी सहयोग से सफलतापूर्वक पूरी की गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि ई-लाटरी प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।