फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मार्च 2026 कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की गहन समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रदर्शन सुधारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यदायी संस्थाएं अपनी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने उन अधिकारियों पर भी नाराजगी व्यक्त की, जिन्होंने अपने स्थान पर प्रतिनिधि भेजा था। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आगामी बैठकों में संबंधित अधिकारी स्वयं उपस्थित रहें, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति भी रही। इस दौरान सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, भोजपुर व कायमगंज के विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले के विकास कार्यों को गति देने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
