फर्रुखाबाद में पूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 मार्च 2026 जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और मिष्ठान भंडारों पर छापेमारी कर अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे 13 घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया गया। इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

अभियान में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक श्रीमती नेहा गुप्ता, अमित चौधरी तथा मुख्यालय के वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार की टीम शामिल रही। टीम ने आईटीआई चौराहा, रेलवे रोड और नेहरू रोड सहित कई प्रमुख इलाकों में सघन निरीक्षण किया।

चेकिंग के दौरान ग्रान्ड सेवर रेस्टोरेंट, होटल अयोध्या, मोती महल रेस्टोरेंट, न्यू नीलम रेस्टोरेंट, आनंद रेस्टोरेंट, सीमा बेकरी, ओम साई बेकरी, गृहस्थी रसोई सेंटर, बन्नू मिष्ठान भंडार, पूविका रेस्टोरेंट एंड कैफे, मधुर मिलन रेस्टोरेंट, अनोखे लाल मिष्ठान भंडार, सौरभ गैस चूल्हा सहित कई प्रतिष्ठानों के किचन और गोदामों का निरीक्षण किया गया।

रेलवे रोड स्थित ओम साईराम बेकरी के निरीक्षण में भले ही दुकान बंद बताई गई, लेकिन मोहन पैलेस की गली में स्थित उसके कारखाने में दो घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। वहीं रॉयल अक्षय होटल संचालकों ने रेस्टोरेंट बंद होने की जानकारी दी।

नेहरू रोड स्थित बन्नू मिष्ठान भंडार में 42 गैस सिलेंडर मिले, जिनमें से 10 उपयोग में थे। संचालक ने सभी सिलेंडरों को कमर्शियल बताते हुए उनके कागजात होने की बात कही, जिस पर अधिकारियों ने दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बढ़पुर स्थित अनोखेलाल मिष्ठान भंडार पर घरेलू गैस सिलेंडरों से समोसे बनाए जाते पाए गए, जो नियमों का उल्लंघन है।

निरीक्षण के दौरान कई व्यापारियों ने शिकायत की कि उन्हें कमर्शियल गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि संबंधित गैस एजेंसी पर अब कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू हो गई है और शासन के निर्देशानुसार 30 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व्यापारियों को मांग के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment