फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 मार्च 2026 जनपद में आगामी माह अप्रैल में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग कर अभियान की तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अक्टूबर 2025 में आयोजित अभियान के दौरान निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त न करने वाले विभाग इस बार हर हाल में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। ऐसे विभागों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आगाह किया गया कि यदि आगामी अभियान में भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कमालगंज एवं कम्पिल को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि वे इस बार बेहतर प्रदर्शन कर अपने निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करें। सभी विभागों को तीन कार्यदिवस के भीतर अपने-अपने माइक्रोप्लान स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें और जनपद में स्वच्छता व जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
