फर्रुखाबाद: कायमगंज में पुलिस-मुठभेड़, लुटेरा और दीवान दोनों घायल, लूटे गए कुंडल बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मार्च 2026 जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बीती रात पुलिस और लुटेरे के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। घटना के दौरान लुटेरा कुलदीप और पुलिस के दीवान धर्मेंद्र तिवारी को गोली लगी, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लूट के एक मामले में कासगंज जनपद के थाना पटियाली क्षेत्र निवासी आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस उसे लूटे गए कुंडलों की बरामदगी के लिए लेकर गई थी।

इसी दौरान शातिर लुटेरे कुलदीप ने मौके पर पहले से छिपाकर रखा 315 बोर का तमंचा निकाल लिया और भागने की कोशिश में दीवान धर्मेंद्र तिवारी पर दो फायर कर दिए। एक गोली उनके हाथ में लगी, जिससे वे घायल हो गए।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कुलदीप के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी कुलदीप, कासगंज जिले के थाना पटियाली क्षेत्र के ग्राम मिलक इलाही अल्लौयापुर निवासी सजीवन सिंह का पुत्र है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Comment