फर्रुखाबाद में सघन चेकिंग अभियान, 3 स्लीपर बसें और 6 ट्रक सीज — ₹2.82 लाख जुर्माना वसूला

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मार्च 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें 3 स्लीपर बसों समेत कुल 6 ट्रकों को सीज किया गया।

चेकिंग के दौरान एक स्लीपर बस, जो बरेली से आ रही थी, की जांच में पाया गया कि उसका पंजीकरण राजस्थान राज्य में निलम्बित था। इस पर ₹93 हजार का जुर्माना लगाया गया और बस को रोडवेज बस अड्डे पर सीज कर दिया गया। वहीं, एक अन्य बस बिना परमिट संचालित पाई गई, जिस पर ₹58 हजार का जुर्माना लगाकर सीज किया गया। तीसरी बस पर ₹16 हजार का जुर्माना लगाते हुए उसे भी जब्त कर लिया गया।

इसके अलावा ओवरलोड माल ढोते हुए 3 ट्रकों को पकड़ा गया, जिन पर कुल ₹1.15 लाख का जुर्माना लगाया गया। बकाया कर के मामले में भी 3 ट्रकों को सीज किया गया, जिन पर लगभग ₹1.55 लाख का कर बकाया पाया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और परिवहन नियमों का सख्ती से पालन कराना है।

Leave a Comment