फर्रुखाबाद में पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर भीषण धमाका, 6 घायल — पुलिस ने मकान किया सील, जांच जारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 मार्च 2026 शहर के मोहल्ला नाला मछरट्टा में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की तीन मंजिल तक हिल गईं और खिड़कियों के कांच टूटकर सड़क पर बिखर गए।

विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए, वहीं घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

इस हादसे में पूर्व विधायक विजय सिंह के दोनों पुत्र—अविनाश उर्फ विक्की सिंह और अभिषेक उर्फ सिक्की सिंह—सहित कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में भैया लाल चौहान (निवासी सिंधी कॉलोनी), राशू शुक्ला, इशू चौरसिया (निवासी नाला मछरट्टा) और रामबीर यादव भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल भैया लाल चौहान को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है, जबकि अन्य की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूर्व विधायक के मकान को सील कर दिया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

धमाके के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम सहित कई जांच एजेंसियां मौके पर जुटी हुई हैं और हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं समर्थकों की भारी भीड़ अस्पताल और घटनास्थल के आसपास जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Comment