फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मार्च 2026 जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) फर्रुखाबाद द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जनपद के पात्र लाभार्थियों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। योजना के तहत आज 368 लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त के रूप में कुल ₹3 करोड़ 68 लाख की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की शुरुआत 1 सितम्बर 2024 से की गई है। यह योजना वर्ष 2029 तक संचालित की जाएगी, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब, निम्न आय वर्ग एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए ₹2,50,000 की अनुदान राशि दी जाती है, जिसे तीन किश्तों—पहली ₹1,00,000, दूसरी ₹1,00,000 तथा तीसरी ₹50,000—में प्रदान किया जाता है।
इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की धनराशि सीधे भेजी गई। फर्रुखाबाद में इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 100 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रथम चरण के अंतर्गत अब तक 11,514 लाभार्थियों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। आज जारी की गई पहली किस्त की धनराशि की सूचना लाभार्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से प्राप्त हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक श्री सुशील शाक्य, जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी श्री श्याम कुमार तिवारी, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) / परियोजना अधिकारी श्री गजराज सिंह यादव तथा सीएलटीसी डूडा श्री नितिन सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निकायवार लाभार्थियों की संख्या इस प्रकार है—
फर्रुखाबाद – 01, कमालगंज – 39, खिमसेपुर – 140, संकिसा – 80, शमसाबाद – 108
इस प्रकार कुल 368 लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत पहली किस्त की धनराशि जारी की गई है, जिससे जल्द ही उनके पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया है।
