फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मार्च 2026 को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के जिला अध्यक्ष पद पर एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और जिला अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मिष्ठान वितरण भी किया गया।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ही एक ऐसा संगठन है जहां सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता को भी सम्मान और नेतृत्व का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता को संगठन का नेतृत्व करने का अवसर देकर जनसेवा का मार्ग प्रशस्त किया है, जिसके लिए वह संगठन के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि वह सदैव कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के लिए तत्पर रहेंगे और सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर संगठन को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है और सभी को अनुशासन के साथ कार्य करते हुए प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को पूरा करना होगा।
फतेहचंद वर्मा ने कहा कि आगामी दिनों में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शत-प्रतिशत कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि नए दायित्वों पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और नीतियों की जानकारी मिल सके। जिला कमेटी की घोषणा के बाद जिला स्तर पर भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, जिला महामंत्री डीएस राठौर, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक जितेंद्र सिंह, जिला मंत्री डॉ. धर्मेंद्र राजपूत, पूर्व सभासद प्रबल त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, सोशल मीडिया जिला संयोजक अभिषेक बाजपेई, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, विकास पांडे, पंकज पाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, संजू शर्मा, अमन कटिहार, लव कनौजिया, डॉ. उदय प्रताप सिंह, फर्रुखाबाद पूर्वी मंडल अध्यक्ष नरेंद्र आर्य, अंकित गुप्ता, युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अजीत महाजन, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष ममता सक्सेना, अविनाश वाल्मीकि, संजय सिंह, दिनेश शर्मा, अशनील दिवाकर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
