फर्रुखाबाद:करहर में आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत निःशुल्क वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 105 वृद्धजनों की हुई जांच

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मार्च 2026 राजेपुर ब्लॉक के अंतर्गत राजकीय होम्योपैथिक / आयुष्मान आरोग्य मंदिर, करहर में सोमवार 16 मार्च को “आयुष आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत निःशुल्क वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वृद्धजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया।

शिविर के दौरान कुल 105 वृद्धजनों (65 पुरुष एवं 40 महिलाएं) का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्साधिकारी द्वारा सभी वृद्धजनों का वजन, ब्लड प्रेशर (बीपी), ऑक्सीजन स्तर, पल्स, तापमान सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। जांच के बाद रोगानुसार सभी मरीजों को निःशुल्क होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

चिकित्साधिकारी ने शिविर में आए वृद्धजनों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी। जांच के दौरान कई वृद्धजन उच्च रक्तचाप, गठिया/वात रोग, पेट संबंधी रोग, अपच, अनिद्रा, जोड़ दर्द, चर्म रोग, प्रोस्टेट, मुख एवं दंत रोग, बुखार, जुकाम, खांसी तथा दमा/स्वांस जैसी समस्याओं से ग्रसित पाए गए।

डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा चलाया जा रहा “आयुष आपके द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और विशेष रूप से वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से लोगों को समय पर जांच, उपचार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता मिलती है।

Leave a Comment