फर्रुखाबाद में SI भर्ती परीक्षा को लेकर सख्त इंतजाम, जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर जनपद में कड़ी व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी उनके साथ मौजूद रहीं।

जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज फतेहगढ़ तथा के.आर. रस्तोगी इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति सहित अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। साथ ही भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए और यह भी कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व पुलिस विभाग के अधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के प्रभारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment