फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के अंतर्गत पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को जिलाधिकारी अशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित किया गया, जिसमें ई-बीएलओ एप के माध्यम से मतदाताओं की फीडिंग का कार्य बेहतर ढंग से करने वाले 8 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में राजेश कुमार सिंह को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं श्याम जी अवस्थी को द्वितीय स्थान के लिए 8,000 रुपये तथा कालीचरन को तृतीय स्थान के लिए 6,000 रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
इसके अलावा भूपेन्द्र दीक्षित, आशीष गुप्ता, ममता देवी, ममता दीक्षित तथा नर सिंह को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 3,000-3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर सभी बीएलओ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही और समयबद्ध पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अन्य बीएलओ को भी इसी तरह जिम्मेदारी और लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
