-बांदा जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 16 वर्षीय स्कूली छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई मामूली रूप से घायल हो गया। यह घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महोखर में अंध विद्यालय के पास दोपहर करीब 12 बजे हुई।
मृतक छात्र की पहचान हिमांशु (16) पुत्र अवधेश के रूप में हुई है, जो कक्षा 8 का छात्र था। वह अपने भाई पुष्पेंद्र के साथ सरस्वती प्रकाश मंदिर से परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रहा था। तभी बांदा से महोखर जा रहे गिट्टी से भरे एक ओवरलोड ट्रक ने पीछे से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी और हिमांशु को करीब 30 फीट तक घसीटता चला गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने सड़क जाम कर दी और गुस्से में ट्रक के शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक छात्र के शव को ऑटो में रखकर अस्पताल पहुंचाया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट राजकुमार बांदा
