फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 जिले में गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद गैस एजेंसी पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय मुख्तार अंसारी लालसराय स्थित भारत गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने पहले से सिलेंडर की बुकिंग कर रखी थी। बताया जा रहा है कि एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए काफी संख्या में लोग लाइन में लगे हुए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े-खड़े अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चक्कर आने के बाद मुख्तार अंसारी जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार मुख्तार अंसारी पहले से ही हृदय रोग से पीड़ित थे। आशंका जताई जा रही है कि लाइन में लंबे समय तक खड़े रहने और अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा हो सकता है।
घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसियों पर भीड़ और अव्यवस्था के कारण बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है।
