फर्रुखाबाद: जसमई में विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने किया ओपन जिम का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने शुक्रवार दोपहर जसमई ग्राम पंचायत घर में विधायक निधि से स्थापित ओपन जिम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए ओपन जिम लगाए जा रहे हैं।

विधायक ने बताया कि जसमई में लगाए गए ओपन जिम में 11 आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिसकी कुल लागत लगभग 8.10 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में करीब तीन दर्जन ओपन जिम स्थापित करने की योजना है। इसके तहत भोपत नगला गांव में भी जल्द ही ओपन जिम का उद्घाटन किया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान को प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में गांवों में ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी अपनी सेहत का ख्याल रख सकेंगे।

उन्होंने स्कूल के प्रधानाध्यापक राजीव बरतरिया को सलाह दी कि विद्यार्थियों के लिए समय निर्धारित कर उन्हें प्रतिदिन व्यायाम की ट्रेनिंग दी जाए। विधायक ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नियमित दौड़ने की आदत के कारण ही उनकी सेना में भर्ती संभव हो सकी।

विधायक ने जसमई बिजली घर के निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार न हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि यदि निर्माण कार्य में कोई कमी दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना दें।

नगर क्षेत्र के विकास कार्यों पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शहर में 100 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। साथ ही लगभग 226 करोड़ रुपये की लागत से शहर के सभी मकानों को पाइपलाइन से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। सीवरेज लाइन के लिए 650 करोड़ रुपये की मंजूरी की अंतिम प्रक्रिया जारी है।

इसके अलावा फतेहगढ़ में 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम की नई डिजाइन भी विधायक ने लोगों को दिखाई, जिसे आर्किटेक्ट द्वारा भेजा गया है। उन्होंने बताया कि फतेहगढ़ से गुरसहायगंज तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। साथ ही आगरा से दो इलेक्ट्रिक बसें चलनी शुरू हो गई हैं, जिनके लिए बस स्टेशन पर चार्जिंग रूम भी बनाया गया है।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष राजपूत ने किया। उन्होंने कहा कि ओपन जिम से गांव के सभी लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने विधायक द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी के संकल्पों को आगे बढ़ा रहे हैं।

पंचायत घर पहुंचने पर विधायक का फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने शिलापट का अनावरण कर जिम के उपकरणों का निरीक्षण किया और स्वयं भी उपकरणों पर व्यायाम कर लोगों को फिटनेस के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मनोज मिश्रा, ग्राम प्रधान श्रीमती अभिलाषा दुबे, संजीव दुबे, लेखपाल, बाबा खुशीराम, सुरेश चंद दुबे, महेश चंद दुबे, रामशंकर दुबे, पीयूष दुबे, रामवीर चौहान, सुरेश चौहान, संजू बाथम सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment