फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में जिले में ओवरलोड वाहनों और कर चोरी के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने खनन अधिकारी संजय प्रताप के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए कई वाहनों पर कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान ओवरलोड माल ढोते हुए 4 ट्रकों को सीज किया गया और उन पर कुल 2.33 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बकाया कर के मामले में एक ट्रक को भी सीज किया गया, जिस पर लगभग 10 हजार रुपये का कर बकाया था।
अभियान के दौरान एक ट्रक को मसेनी से कादरीगेट की ओर दीप पैलेस के पास पकड़ा गया, जो मोहम्मदाबाद की एक फर्म से सेंट्रल जेल फर्रुखाबाद के अलग-अलग नामों पर 6 बिलों के माध्यम से लगभग 1000 बोरी सीमेंट ले जा रहा था। सभी बिल 50 हजार रुपये से कम राशि के बनाए गए थे, जिससे ई-वे बिल से बचने की कोशिश की आशंका जताई गई। जीएसटी चोरी की संभावना को देखते हुए ट्रक को जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त अमित त्यागी को सौंप दिया गया। इस मामले में परिवहन विभाग ने 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है, जबकि जीएसटी विभाग द्वारा लगभग 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाना संभावित है।
इसके अलावा खनन अधिकारी के साथ चेकिंग के दौरान मौरंग लेकर जा रहे एक ट्रक को भी पकड़ा गया, जिस पर परिवहन विभाग ने 57 हजार रुपये तथा खनन विभाग ने 28 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोड वाहनों और कर चोरी के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
