फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मार्च 2026 आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 14 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक आयोजित कराने के लिए जनपद न्यायालय परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में दिनांक 09 मार्च 2026 को श्री नीरज कुमार, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद की अध्यक्षता में उनके विश्राम कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अध्यक्ष महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण योग्य लघु आपराधिक मामलों, धारा 138 एनआई एक्ट तथा सिविल वादों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से निस्तारण कर राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।
बैठक में श्री संजय कुमार अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुश्री शैली राय अपर जिला जज प्रथम, श्री अभिनितम उपाध्याय अपर जिला जज (एससी/एसटी एक्ट), श्री शैलेन्द्र सचान अपर जिला जज (डकैती), श्री घनश्याम शुक्ला मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में बैंक ऋण मामलों की तैयारी को लेकर भी एक बैठक एडीआर भवन में आयोजित की गई। यह बैठक श्री संजय कुमार अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसका संचालन श्री जयवीर सिंह प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद ने किया।
बैठक में संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बैंक ऋण अदायगी से संबंधित अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में चिन्हित किया जाए, जिससे आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जा सके। अब तक विभिन्न बैंकों द्वारा कुल 1267 बैंक ऋण मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किया जा चुका है।
बैठक में बी.डी. वर्मा एलडीएम, अनुराग शाखा प्रबंधक इंडियन बैंक, शिखा गंगवार शाखा प्रबंधक कैनरा बैंक, आयुष चौधरी शाखा प्रबंधक सेंट्रल बैंक, नीरज मौर्या शाखा प्रबंधक पीएनबी, शैलेन्द्र प्रताप सिंह शाखा प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा, सतीश कुमार प्रबंधक ग्रामीण बैंक, हर्षित मिश्रा प्रबंधक एसबीआई तथा अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
