फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 मार्च 2026 समाज के संगठन, शिक्षा के विकास और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से तथागत सामाजिक समिति (TSS) फर्रुखाबाद द्वारा आगामी 22 मार्च 2026 को वार्षिक उत्सव एवं सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर समिति के पदाधिकारी लगातार समाज के गणमान्य लोगों से संपर्क कर उन्हें आमंत्रित कर रहे हैं।
इसी क्रम में कायमगंज के प्रमुख समाजसेवियों में शामिल और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग देने वाले अशोक कुमार मौर्य को समिति के पदाधिकारियों ने आमंत्रण-पत्र सौंपकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।
समिति के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य और जिला सचिव घनश्याम सिंह शाक्य, डॉ धर्मवीर शाक्य नगर मीडिया प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनसे भेंट कर कार्यक्रम का मुद्रित आमंत्रण-पत्र भी प्रदान किया तथा सम्मेलन में सहभागिता करने का अनुरोध किया।
तथागत सामाजिक समिति द्वारा आयोजित यह वार्षिकोत्सव एवं सामाजिक सम्मेलन दिनांक 22 मार्च 2026, दिन रविवार को प्रातः 10 बजे से ठंडी सड़क स्थित नव भारत सभा भवन, फर्रुखाबाद में आयोजित किया जाएगा।
समिति की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना, शिक्षा के समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ना तथा सरकारी नौकरियों में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है।
सम्मेलन के दौरान समाज के उत्थान, एकजुटता और पारस्परिक सहयोग को बढ़ाने पर विशेष चर्चा की जाएगी। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में सभी के लिए भोजन की भी व्यवस्था रखी गई है।
