फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 मार्च 2026 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में रविवार प्रातः 8:30 बजे अस्मिता लीग (ASMITA League) का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन MY BHARAT एवं खेलो इंडिया (SAI) द्वारा जिला प्रशासन फर्रुखाबाद के समन्वय से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री मोनिका यादव रहीं, जबकि जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी, क्षेत्राधिकारी सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, पर्यावरणविद् गुंजा जैन, पी.डी. डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. विनीता मिश्रा तथा नमामि गंगे की जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ मनोरंजक लेमन रेस का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों—अंडर 13, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक—में कराई गईं।
अंडर-13 वर्ग में रौनक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लेमन रेस में नैंसी ने पहला स्थान हासिल किया।
13–18 वर्ष वर्ग में 100 मीटर दौड़ में शिवांकी, 200 मीटर में रागिनी और 400 मीटर में राजुल यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि लेमन रेस में प्रज्ञा विजेता रहीं।
18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़ में प्रकृति वर्मा, 200 मीटर में सुहानी राठौर और 400 मीटर में रमा देवी प्रथम रहीं, जबकि लेमन रेस में ऋषिका ने बाजी मारी।
दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मोनिका यादव ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं, जिससे महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं।
वहीं क्षेत्राधिकारी सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मबल को विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को कलेक्ट्रेट सभागार में गणमान्य अतिथियों द्वारा पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राना हिजाब और निवेदिता अवस्थी ने किया। आयोजन में जिला युवा अधिकारी शिखर रस्तोगी, जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह तथा खेलो इंडिया सेंटर के हॉकी कोच सत्यम मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सोनम सचान भी उपस्थित रहीं।
इसके साथ ही स्वयंसेवक राहुल वर्मा, रचना, विकास, तनु, विशाल श्रीवास्तव, लक्ष्मीनारायण पांडे और प्रेम शंकर श्रीवास्तव सहित कई लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और दर्शकों की उपस्थिति रही और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
