फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन, 50 उत्कृष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 मार्च 2026 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय मुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायिका डॉ. सुरभि गंगवार, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जनपद की 50 ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम में लगभग 200 महिलाओं ने प्रतिभाग कर महिला सशक्तिकरण के संदेश को और मजबूत किया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने अपने संबोधन में महिलाओं के अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं शिक्षा और आर्थिक रूप से मजबूत बनकर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तो समाज और देश दोनों प्रगति करेंगे।

विधायिका डॉ. सुरभि गंगवार ने भी अपने संबोधन में महिला शक्ति, सम्मान और समान अधिकारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। हमें मिलकर ऐसा वातावरण बनाना चाहिए जहां हर महिला सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय सहित महिला कल्याण विभाग और अन्य विभागों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित महिला कल्याण विभाग के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिन सिंह द्वारा किया गया।

Leave a Comment