फर्रुखाबाद: गाटा संख्या 89 की जमीन पर अवैध नाम दर्ज होने का मामला, भारती कृषक एसोसिएशन ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मार्च 2026 जनसमस्याओं को लेकर भारती कृषक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को कायमगंज तहसील में आयोजित तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मजरा भगौतीपुर, परगना कम्पिल, तहसील कायमगंज की गाटा संख्या 89 की जमीन से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान खतौनी वर्ष 1978–79 के अभिलेखों में गाटा संख्या 89 की भूमि सरकारी स्कूल (नेशनल स्कूल) के नाम दर्ज है। संगठन ने आरोप लगाया कि उक्त भूमि बाद में राकेश और सुशील के नाम दर्ज कर दी गई, जबकि यह जमीन पूर्व से ही स्कूल के नाम दर्ज चली आ रही है।

भारती कृषक एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से मांग की कि मामले की गहन जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो अवैध कब्जेदारों से जमीन को मुक्त कराकर पुनः स्कूल के नाम खतौनी में दर्ज कराया जाए। साथ ही संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।

संगठन का कहना है कि यह जमीन जनहित और सरकारी हित से जुड़ी हुई है, इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच होना अत्यंत आवश्यक है ताकि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील दुबे, राष्ट्रीय प्रवक्ता मुन्नालाल सक्सेना, राष्ट्रीय सचिव प्रताप सिंह गंगवार, राष्ट्रीय महासचिव रामवीर जाटव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामलाल गुप्ता, बिंदु सिंह गंगवार, राकेश सानीराम, सोनेलाल, विनीत सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment