फर्रुखाबाद: लेह-लद्दाख में बर्फ स्खलन से शहीद हुए जवान कुलदीप यादव, पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मार्च 2026 जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कलौली मेहबुल्लापुर निवासी भारतीय सेना के जवान कुलदीप यादव का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। उनके शहीद होने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, हजारों की संख्या में लोग वहां पहुंच गए और नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलदीप यादव भारतीय सेना में सेवारत थे और इन दिनों लेह-लद्दाख क्षेत्र में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक हुए बर्फ स्खलन (एवलांच) की घटना में उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया और हर आंख नम हो गई।

शनिवार को जब शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कलौली मेहबुल्लापुर पहुंचा तो पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ पड़े। लोगों ने अपने वीर जवान को श्रद्धा और सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता/सचिव राधेश्याम सविता ने बताया कि जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद के नेताओं और पदाधिकारियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि कुलदीप यादव की शहादत देश की अमूल्य धरोहर है और पूरे जनपद को उन पर गर्व है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर देते हैं, वे सच्चे अर्थों में महान होते हैं और उनकी स्मृतियां हमेशा समाज के बीच जीवित रहती हैं।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य, प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, डॉ. नवरंग सिंह यादव, जिला सचिव विजेंद्र सिंह यादव, समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष के.के. यादव सहित फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

गांव में शहीद को अंतिम विदाई के समय वातावरण अत्यंत गमगीन हो गया। हर व्यक्ति अपने वीर सपूत को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता नजर आया।

Leave a Comment