फर्रुखाबाद: होलिका दहन के बाद दिखी अनोखी परंपरा, श्रद्धापूर्वक राख लेकर घर पहुंचे ग्रामीण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 मार्च 2026 होलिका दहन के शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अमृतपुर तहसील क्षेत्र के गांव पट्टी दारापुर में एक अनोखी और पारंपरिक आस्था का दृश्य देखने को मिला। होलिका दहन के अगले दिन सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे अपने-अपने गांव और मोहल्लों के होलिका स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक होलिका की राख एकत्र करते नजर आए।

दरअसल, क्षेत्र में यह पुरानी परंपरा है कि होलिका दहन के बाद उसकी राख को घर ले जाना शुभ माना जाता है। ग्रामीणों के अनुसार इस राख को माथे पर तिलक के रूप में लगाया जाता है और घर के आंगन में भी छिड़का जाता है। मान्यता है कि इससे घर से नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि का वास होता है।

गांव के पुजारी दीपू पंडित ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार होलिका दहन की राख को माथे पर लगाने के साथ शरीर पर लेप कर गर्म पानी से स्नान करने से नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और व्यक्ति को रोग-व्याधियों से रक्षा मिलती है।

इस दौरान कई बच्चे भी पन्नी और छोटे पात्रों में होलिका की राख भरकर अपने घर ले जाते दिखाई दिए। बच्चों ने बताया कि वे यह राख अपने परिवार के सभी सदस्यों को तिलक लगाने के लिए ले जा रहे हैं।

होलिका दहन के बाद इस आस्था और परंपरा का दृश्य पूरे क्षेत्र में देखने को मिला, जिससे ग्रामीणों में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा साफ नजर आई।

Leave a Comment