फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 मार्च 2026 आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा आशुतोष कुमार द्विवेदी (जिलाधिकारी, फर्रुखाबाद) के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी जी0 पी0 गुप्ता के पर्यवेक्षण में आज बड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह एवं कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने पुलिस व आबकारी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम लकूला में संयुक्त दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके पर लगभग 300 किलोग्राम लहन (अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री) बरामद हुई, जिसे टीम ने तत्काल नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त 40 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई।
इस कार्रवाई के संबंध में एक अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन कार्य लगातार जारी रहेगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और जनपद को सुरक्षित बनाया जा सके।
