फर्रुखाबाद में होली को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण व पैदल मार्च

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मार्च 2026 होली पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ थाना कामलगंज एवं थाना फतेहगढ़ क्षेत्रांतर्गत स्थित विभिन्न होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने एवं किसी भी संभावित अप्रिय घटना से तत्काल निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नगर के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया। पैदल मार्च के दौरान आमजन से संवाद स्थापित करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होलिका दहन एवं होली पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिखाई दिया है।

Leave a Comment