फर्रुखाबाद:चाचूपुर जटपुरा में उप संचालक चकबंदी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल आयोजित, ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 फरवरी 2026 तहसील अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत चाचूपुर जटपुरा में बीते दिन ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चकबंदी निदेशालय के पत्र संख्या-759/जी0एस0-526/2024-25 दिनांक 20-02-2026 के निर्देशों के क्रम में आयोजित हुआ। चौपाल की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) / उप संचालक चकबंदी दिनेश कुमार ने की।

दिनांक 24 फरवरी 2026 को अपराह्न 2:00 बजे आयोजित इस ग्राम चौपाल में संबंधित अधिकारीगण, लेखपाल, ग्राम प्रधान, ग्रामीण एवं कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वर्तमान में ग्राम में धारा 27 की कार्यवाही गतिमान है, जिसके संबंध में उपस्थित ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याएं सुनी गईं।

चौपाल के दौरान कृषक हृदयराम पुत्र तीसराम ने गाटा संख्या-276 पर आबादी बनाने की अनुमति देने की मांग रखी। वहीं नरेश एवं रमेश पुत्रगण लाखन ने अपने-अपने चकों की पैमाइश कराए जाने की मांग की। ग्राम निवासी राजकुमार पुत्र दुर्विजय ने होली दहन हेतु भूमि उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया।

ग्राम प्रधान द्वारा गाटा संख्या-224 सहित अन्य स्थानों पर बंद पड़े चकमार्ग को खुलवाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त चक संख्या-21 के गाटा संख्या-466 पर प्रस्तावित नाली के स्थान पर चकमार्ग दिए जाने तथा चाचूपुर जटपुरा/पंखियन नगला में कब्रिस्तान के लिए सुरक्षित भूमि उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

उप संचालक चकबंदी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि चकबंदी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूर्ण की जाएगी तथा ग्रामीणों की जायज मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment