फर्रूखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 के तहत एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 फरवरी 2026 को एंटी रोमियो टीम/महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान “5.0” के अंतर्गत कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान बाजार, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम के तहत टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित बालिकाओं को बताया गया कि वे किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तुरंत परिजनों या पुलिस से संपर्क करें।

टीम द्वारा महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा अन्य पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराध से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया।

एंटी रोमियो टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु नियमित गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे निडर होकर अपनी समस्याएं साझा करें, पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है, जिससे वे समाज में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सके।

Leave a Comment