फर्रूखाबाद में सघन अभियान: 3 डग्गामार बसें सीज, 2 स्कूल बसों के चालान, ₹1.69 लाख जुर्माना

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार शनिवार को परिवहन विभाग द्वारा डग्गामार बसों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने एआरएम-रोडवेज राजेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दिल्ली से आने वाली बसों की विशेष जांच की।

जांच के दौरान एक बस बिना परमिट संचालित पाई गई, जिस पर ₹70 हजार का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य बसों में भी विभिन्न कमियां पाए जाने पर कुल ₹64 हजार का दंड अधिरोपित किया गया। कार्रवाई के दौरान तीनों डग्गामार बसों को सीज कर दिया गया।

इसी क्रम में नवाबगंज क्षेत्र में दो स्कूल बसों की भी जांच की गई। इनमें से एक बस बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाई गई, जबकि दोनों बसें बिना परमिट के चल रही थीं। इन पर कुल ₹35 हजार का जुर्माना लगाया गया।

सभी बसों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के फर्रूखाबाद बस स्टेशन पर चालान कर निरुद्ध कर दिया गया है।

परिवहन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल ₹1.69 लाख का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के मद्देनजर आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment