फर्रूखाबाद में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ, प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण का हुआ अवलोकन

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 फरवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता तथा मुख्य अतिथि विधायक कायमगंज डा० सुरभि की उपस्थिति में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ देश के मा० प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर जनपद से लाइव प्रसारण के माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की सभी किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने की राष्ट्रव्यापी पहल की शुरुआत की।

फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के स्वास्थ्य विभाग के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), स्टाफ नर्स, एएनएम एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से वैक्सीनेशन अभियान के महत्व, लक्ष्य और क्रियान्वयन रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर मा० विधायक डा० सुरभि ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में कमी लाई जा सकेगी। जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि निर्धारित आयु वर्ग की सभी किशोरियों तक वैक्सीनेशन की सुविधा समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डा० अवनीन्द्र कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा० सर्वेश कुमार यादव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) डा० रंजन गौतम, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा० आरसी माथुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती कंचनवाला (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन), फर्रूखाबाद सहित सहयोगी स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनपद प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी आश्वासन दिया, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस महत्वपूर्ण वैक्सीनेशन कार्यक्रम का लाभ उठा सकें।

Leave a Comment