फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 फरवरी 2026 मसेनी चौराहा स्थित कुलवन्ती अस्पताल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती राखी पत्नी शिवकांत, निवासी मोहरी उसराहार, जनपद इटावा की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने तत्काल संज्ञान लिया और अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उस समय अस्पताल परिसर में परिजन एवं पुलिसकर्मी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई अव्यवस्थाएं पाई गईं। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भर्ती मरीजों को राजकीय एंबुलेंस की सहायता से डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय (लोहिया अस्पताल) में शिफ्ट कराया गया। इसके बाद कुलवन्ती अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
पूरे प्रकरण की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर से डॉ. रंजन गौतम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति को शीघ्र जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, मसेनी चौराहा क्षेत्र में स्थित अन्य निजी अस्पतालों—नारायण अस्पताल, स्वास्तिक अस्पताल, महालक्ष्मी हॉस्पिटल, गणेश हॉस्पिटल एवं बी.के. हॉस्पिटल—पर भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच और आवश्यक कार्रवाई की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में संचालित अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानक नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
