शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक पब्लिक स्कूल नदरई में होगा कार्यक्रम का आयोजन
जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित होगा कार्यक्रम
डीआईओएस ने पत्र जारी कर प्रधानाचार्य को विद्यार्थियों की प्रतिभागिता कराने के दिए निर्देश कासगंज। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश शासन के अंतर्गत जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह के निर्देशन 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक पब्लिक स्कूल में किया जाएगा। जानकारी देते हुए जिला समन्वयक जिला विज्ञान क्लब डॉ जयंत कुमार गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विषय विशेषज्ञ द्वारा वैज्ञानिक व्याख्यान, विज्ञान मॉडल, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन एवं पोस्टर पेंटिंग आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र तथा प्रत्येक प्रतिभागियों को जिला विज्ञान क्लब द्वारा प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत के महान वैज्ञानिक सर सीवी रमन द्वारा रमन प्रभाव की खोज करने के कारण 28 फरवरी विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस कार्य के लिए उन्हें 1930 में भौतिकी के नोबेल पुरस्कार द्वारा सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए विज्ञान के प्रति अभिरुचि उत्पन्न करने के साथ-साथ नवाचार विकसित करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने पत्र जारी कर सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया है कि वह कार्यक्रम में अपने यहां से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित कराएं। उन्होंने छात्र/छात्राओं के नाम जिला विज्ञान क्लब के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजने के लिए कहा है।