फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 फरवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में भारत सरकार द्वारा प्रारम्भ की गई प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। इसके तहत उद्योगों एवं निजी प्रतिष्ठानों को नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे जनपद स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।
प्रथम रोजगार पर वेतन सहायता और नियोक्ताओं को प्रोत्साहन
योजना के अंतर्गत प्रथम बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को एक माह का वेतन (अधिकतम ₹15,000 तक) प्रदान किया जाएगा। वहीं, नए रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा। विशेष रूप से विनिर्माण क्षेत्र के लिए दो वर्षों तक विस्तारित लाभ का प्रावधान किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिलेगी।
जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना की जानकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाई जाए। पात्र लाभार्थियों को कौशल विकास प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ने और उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनपद में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ा जाए, ताकि वे सरकारी प्रोत्साहन का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी तथा सहायक श्रमायुक्त फर्रुखाबाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में जनपद के युवाओं से अपील की गई कि वे “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” का अधिकाधिक लाभ उठाएं और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
