फर्रुखाबाद में ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना को मिली मंजूरी, 28 ड्रोन दीदी का होगा चयन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 फरवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के तहत सीएलएफ चयन को लेकर जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के सभी 28 सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) के माध्यम से 28 ड्रोन दीदी एवं उनके ड्रोन सहायकों के चयन को स्वीकृति प्रदान की गई। चयनित ड्रोन दीदी कृषि क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से फसलों पर यूरिया, कीटनाशक एवं अन्य उर्वरकों का छिड़काव करेंगी। इससे किसानों को समय और श्रम की बचत होगी तथा खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा।

योजना के अंतर्गत चयनित ड्रोन दीदी को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से 80 प्रतिशत अनुदान पर ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे तकनीकी रूप से सशक्त बनेंगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि इस पहल से महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूती मिलेगी और कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment