फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 फरवरी 2026 को एंटी रोमियो टीम/महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा मिशन शक्ति अभियान “5.0” के अंतर्गत कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान टीम ने विद्यालयों, बाजार क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीम द्वारा बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें।
अभियान के तहत उपस्थित महिलाओं को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। टीम ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।
एंटी रोमियो टीम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई और लोगों को महिला सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान के माध्यम से क्षेत्र में सुरक्षा का वातावरण मजबूत करने का प्रयास किया गया।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे महिला सुरक्षा संबंधी किसी भी जानकारी या शिकायत को तुरंत पुलिस के संज्ञान में लाएं, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
