लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) 24 जनवरी दिन मंगलवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल जनपद लखीमपुर खीरी पहुंचे, उनके जनपद आगमन पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
अटल सभागार में आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों और संबंधित परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की।बैठक में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, सीडीओ अभिषेक कुमार, जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, अमन गिरी, जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुँचे। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि जिले में मुख्यमंत्री और शासन की मंशा के अनुरूप पात्रों को योजनाओं का लाभ देकर समृद्ध किया जा रहा है। सभी अधिकारी इसे और अच्छे से क्रियान्वित कराएँ और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
प्रभारी मंत्री ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तहत बन रहे आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि वर्ष 2024-25 के 131 केंद्र 31 मार्च तक और 2025-26 के 78 केंद्र अप्रैल माह तक पूर्ण किए जाएँ।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में धनराशि स्वीकृत हुई है, सभी कार्यों में नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूरी कर मार्च से कार्य प्रारंभ कराया जाए। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में टैंक का कार्य पूर्ण हो गया है, वहां अवशेष कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण कर परियोजनाओं को क्रियाशील बनाया जाए।
डीआईओएस से प्रोजेक्ट अलंकार के तहत चयनित विद्यालयों की अद्यतन स्थिति जानी गई और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए गए। वहीं, मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल विंग में बाधा बन रहे विद्युत संयोजन के संबंध में कार्यदाई संस्था और यूपीपीसीएल को 15 दिन में समाधान के आदेश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण), बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, कृषि समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा भी प्रभारी मंत्री ने की।
डीएम के चौगुर्जी मॉडल की सराहना
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने बैठक में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर भारत-नेपाल सीमा के मोहाना और करनाली नदी पार बसे गांवों में जीवनस्तर सुधार और समृद्धि लाने के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने चौगुर्जी गांव पर बनी डॉक्यूमेंट्री भी देखी और डीएम की रणनीति की तारीफ की।
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मीडिया के समक्ष रखीं बजट की उपलब्धियां
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार के बजट की उपलब्धियों पर प्रेस ब्रीफिंग देते हुए मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार किया गया यह बजट जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास पहलों पर केंद्रित है। मंत्री ने बताया कि बजट के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के विकास को गति दी जा रही है, ताकि आमजन तक योजनाओं का लाभ समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचे।
