फर्रुखाबाद:मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजनाओं की प्रगति पर जिलाधिकारी ने की सख्त समीक्षा, बैंकों को युद्धस्तर पर ऋण वितरण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 फरवरी 2026 उ0प्र0 शासन के शासनादेश संख्या 49/2024/1650/477/18-02-2024 दिनांक 04.10.2024 के क्रम में संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की साप्ताहिक समीक्षा शासन स्तर पर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव, मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी द्वारा लगातार की जा रही है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजनान्तर्गत जनपद में प्रगति अत्यंत खराब पाए जाने तथा बैंक शाखाओं द्वारा निरस्त किए गए आवेदनों पर पुनर्विचार एवं लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से दिनांक 24 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ फर्रूखाबाद में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महोदय द्वारा की गई, जिसमें प्रमुख बैंक शाखाओं— Bank of Baroda, Axis Bank, Central Bank of India, Indian Overseas Bank एवं Union Bank of India के शाखा प्रबंधकों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि सभी बैंक शाखाएं निरस्त किए गए आवेदनों पर पुनः गंभीरतापूर्वक विचार करें तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण की कार्यवाही युद्ध स्तर पर की जाए, जिससे वित्तीय वर्ष 2025-26 के निर्धारित लक्ष्यों को माह मार्च 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए शासन प्रतिबद्ध है और बैंकिंग संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment