फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 फरवरी 2026 डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को खिमसेपुर नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव, जन्म–मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कार्यालय में संचालित जनसुनवाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संरक्षित करने तथा कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित कराई जाए। जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र केवल वास्तविक आवेदक को ही प्रदान किए जाएं। विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसके अतिरिक्त आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करने तथा स्पेशल क्लोज प्रकरणों का पुनः परीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
