फर्रुखाबाद:होली, रमजान व ईद को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 फरवरी 2026 आगामी होली, रमजान एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की उपस्थिति रही।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि होलिका दहन स्थलों को लेकर किसी प्रकार का विवाद न हो। किसी भी नई जगह पर होलिका दहन की अनुमति नहीं होगी और कोई भी जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा, नए मार्ग से जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर अनावश्यक रूप से रंग न डाला जाए तथा त्योहारों को परंपरागत मर्यादाओं के अनुरूप मनाया जाए।

सभी होलिका दहन स्थलों पर लटके विद्युत तारों को दुरुस्त कराने और विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए। केमिकल युक्त रंगों के प्रयोग से बचने की अपील की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को होली के अवसर पर साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए कैटल कैचर अभियान चलाने को कहा गया। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी ने जानकारी दी कि किसी भी समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 1533 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को सभी फायर ब्रिगेड वाहनों की जांच कर उन्हें पूर्णतः क्रियाशील रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने निर्देशित किया कि सभी थाना क्षेत्रों में ई-रिक्शा के माध्यम से प्री-रिकॉर्डेड संदेश प्रसारित किए जाएं, जिनमें जबरन रंग न डालने, मर्यादित तरीके से होली खेलने, अफवाहों से सावधान रहने और किसी भी समस्या पर डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की जाए। साथ ही मोटरसाइकिल से हुड़दंग, तेज आवाज में डीजे बजाने तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित संबंधित अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

Leave a Comment